उत्तर प्रदेश से धान लेकर आ रहे चार पिकअप जब्त, सनावल थाने के सुपुर्द किए गए वाहन
बलरामपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान खरीद के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में साेमवार काे उत्तर प्रदेश से धान लेकर आ रहे चार पिकअप वाहनों को पकड़ा गया है। धान से लदे सभी वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सनावल के सुपुर्द किया गया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध प्रवेश को रोकने के लिए जिले में 24 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इनमें रामानुजगंज विकासखंड में 10, वाड्रफनगर में 7, कुसमी में 4 और शंकरगढ़ में 3 चेकपोस्ट शामिल हैं।
चेकपोस्ट पर तैनात अमले के साथ जिला और तहसील स्तर के उड़नदस्ता दल भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि दूसरे राज्यों से धान का अवैध परिवहन कर स्थानीय खरीदी व्यवस्था में खपाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके। जब्त वाहनों के मामले में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

