किसानों के घर पहुंच रहा प्रशासन, लंबित एग्रीस्टैक पंजीयन और बकेट क्लेम के निराकरण में तेजी
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। लंबित एग्रीस्टैक पंजीयन और बकेट क्लेम के निराकरण के लिए आज सोमवार को जिले में राजस्व और कृषि विभाग की टीमें किसानों के बीच पहुंचीं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विशेष श्रेणी के किसानों का प्राथमिकता से पंजीयन कराया जा रहा है। मैदानी अमला किसानों से सीधे संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराने के साथ मौके पर ही पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर रहा है।
कुसमी, शंकरगढ़ सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों के गांवों में विभागीय टीमें घर-घर पहुंचकर पात्र किसानों की पहचान कर रही हैं। इस दौरान किसानों से पंजीयन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर तकनीकी दिक्कतों का भी समाधान किया जा रहा है।
किसानों का पंजीयन शिविरों के माध्यम से भी कराया जा रहा है। विभागीय अमला किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन के लाभों की जानकारी देने के साथ लंबित मामलों को जल्द पूरा करने में जुटा है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा करना है, ताकि कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से किसानों तक पहुंच सके। मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

