नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस, यातायात नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस होंगे निरस्त

WhatsApp Channel Join Now
नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस, यातायात नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस होंगे निरस्त


नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस, यातायात नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस होंगे निरस्त


नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस, यातायात नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस होंगे निरस्त


बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले को नशामुक्त बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती की तैयारी की है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को एनकॉर्ड की जिलास्तरीय समिति और जिला सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने, मेडिकल स्टोर्स की निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि नशा और सड़क दुर्घटनाएं परिवार और समाज को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और जिले को नशामुक्त बनाने के साथ सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए गंभीर प्रयास करें।

उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग को अवैध शराब, गांजा और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों और संदिग्ध स्थानों पर नियमित जांच करने के साथ संयुक्त छापेमार कार्रवाई करने को कहा। ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण करने और बिना डॉक्टर के पर्चे के नशीली दवाएं बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित करने को भी कहा गया।

स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से सेमिनार, रैली और कार्यशालाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही नशे से प्रभावित लोगों की काउंसलिंग और पुनर्वास व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सड़कों पर अवैध पार्किंग हटाने और स्कूलों के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, सुरक्षित सड़क निर्माण, ट्रैफिक प्रबंधन और वाहनों की गति नियंत्रित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

कलेक्टर ने दोनों विषयों पर आम नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाने पर बल दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर सहित दोनों समितियों के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story