बलरामपुर में 27 नवंबर को होने वाला संभागस्तरीय रोजगार मेला स्थगित, अब दिसंबर में होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज में 27 नवंबर को आयोजित होने वाला संभागस्तरीय विशाल रोजगार मेला अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अब मेले का आयोजन दिसंबर 2026 में किया जाएगा। इसकी नई तारीख और स्थान की सूचना बाद में जारी की जाएगी।

प्रस्तावित रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 11 कंपनियों के माध्यम से कुल 1,631 रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है। इन पदों में नर्सिंग, केयरटेकर, सुरक्षा गार्ड एवं सुपरवाइजर, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, फील्ड ऑफिसर, शिक्षक और बीमा सखी सहित विभिन्न कार्यक्षेत्र शामिल हैं।

इन पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं पास अभ्यर्थियों के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक तथा जीएनएम और एएनएम उत्तीर्ण उम्मीदवार भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। इस रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक स्तर के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in या सीजी रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद अपनी योग्यता के अनुरूप संबंधित पद के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लेकर पहुंचना होगा।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रहेगी। अभ्यर्थियों को किसी भी स्तर पर शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। मेले की नई तारीख घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को उसी के अनुसार साक्षात्कार की तैयारी करनी होगी।

रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 9685672368 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story