बलरामपुर में तीन नवंबर को जिलास्तरीय युवा संसद, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर विचार रखेंगे युवा

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में तीन नवंबर को जिलास्तरीय युवा संसद, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर विचार रखेंगे युवा


बलरामपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 नवंबर को जिलास्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया गया कि विकसित भारत युवा संसद 2027 के अंतर्गत मेरा युवा भारत सरगुजा द्वारा नया बस स्टैंड के समीप स्थित ऑडिटोरियम भवन में प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस बार प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रखा गया है।

प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, विचारों की स्पष्टता, संवाद शैली और निर्धारित समय के पालन के आधार पर किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को अपनी 10वीं की अंकसूची और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित शीर्ष तीन प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story