धान बेचने अब घर बैठे मिलेगा टोकन, बलरामपुर जिले में पांच नए खरीद केंद्र भी खुलेंगे

WhatsApp Channel Join Now
धान बेचने अब घर बैठे मिलेगा टोकन, बलरामपुर जिले में पांच नए खरीद केंद्र भी खुलेंगे


बलरामपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को इस बार दोहरी राहत मिलने जा रही है। अब किसानों को टोकन लेने के लिए समितियों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी।

वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही जिले में पांच नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो गई है, जबकि धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी।

धान खरीद केंद्रों की दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी किया जाएगा, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन समिति स्तर पर मिलेंगे। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में भी छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों के लिए और 20 प्रतिशत बड़े किसानों के लिए आरक्षित रहेंगे।

भूमि के रकबे के आधार पर किसानों को टोकन दिए जाएंगे। दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक टोकन, दो से दस एकड़ तक के किसानों को दो टोकन और दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन मिलेंगे।

टोकन प्राप्त करने के लिए किसानों को गूगल प्ले स्टोर से ‘तुहर टोकन’ ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद ओटीपी के माध्यम से पंजीयन कर धान की मात्रा दर्ज करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर किसान अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे समितियों में लगने वाली भीड़ और किसानों का समय दोनों बचेंगे।

किसानों को दूसरी बड़ी राहत उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ने से मिलेगी। बलरामपुर जिले में पांच नए धान खरीद केंद्र खोले जा रहे हैं। इनमें शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम सिहार, राजपुर विकासखंड के परसागुड़ी, बलरामपुर विकासखंड के लिलौटी तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के चेरा और पचावल शामिल हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से संबंधित गांवों और आसपास के क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए पहले की तुलना में कम दूरी तय करनी पड़ेगी।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि किसानों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए शासन ने घर बैठे टोकन प्राप्त करने और नए उपार्जन केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इससे किसानों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। उन्होंने जिले के किसानों से ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने की अपील की है, ताकि समितियों में अनावश्यक भीड़ से बचते हुए धान विक्रय की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story