संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली निष्ठा की शपथ
बलरामपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को संयुक्त जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसमें निहित मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करने की शपथ ली।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में संविधान के मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

