कलेक्टर ने अंतरराज्यीय बैरियर का किया निरीक्षण, बलंगी धान खरीद केंद्र में देखी व्यवस्थाएं
बलरामपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में धान खरीद के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने और दूसरे राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बुधवार को बलंगी-तुगवां अंतरराज्यीय बैरियर का निरीक्षण किया। उन्होंने चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से लाया जाने वाला धान किसी भी स्थिति में जिले के उपार्जन केंद्रों तक नहीं पहुंचना चाहिए। इसके लिए बैरियर से गुजरने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
इसके बाद कलेक्टर ने बलंगी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए खरीदी की प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम तुलसीदास मरकाम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मो. निजामुद्दीन, तहसीलदार अश्वनी चन्द्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

