(अपडेट) बलरामपुर बना डेटा लेबलिंग एवं एआई के लिए कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) बलरामपुर बना डेटा लेबलिंग एवं एआई के लिए कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला


बलरामपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। स्व-सहायता समूह की महिलाओं और शिक्षित ग्रामीण युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित रोजगार और आजीविका से जोड़ने की दिशा में बलरामपुर जिले ने नई पहल की है। आज बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर की स्थापना के लिए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही बलरामपुर डेटा लेबलिंग एवं एआई के लिए कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला बन गया है।

एमओयू के तहत पायलट चरण में बलरामपुर में 10 सीटों वाला संचालन केंद्र शुरू किया जाएगा। केंद्र में समर्पित प्रशिक्षक और गुणवत्ता पर्यवेक्षक रहेंगे। चयनित प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद विशेषज्ञों की निगरानी में उन्हें वास्तविक कार्य का अनुभव भी मिलेगा।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 12वीं उत्तीर्ण और स्नातक सदस्यों वाले स्व-सहायता समूहों की बड़ी संख्या है, जिनके सदस्य स्मार्टफोन और कंप्यूटर का उपयोग करने में सक्षम हैं। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को पारंपरिक आजीविका के साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने और जिले में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे युवाओं को एआई से जुड़े नए कौशल सीखने का अवसर भी मिलेगा।

समझौते के अनुसार केंद्र की तकनीक, संचालन, प्रशिक्षण, गुणवत्ता पर्यवेक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि और इंटरनेट कनेक्टिविटी का खर्च प्रिज्मा एआई वहन करेगी। वहीं जिला प्रशासन परिसर और बुनियादी ढांचे की पहचान, हितग्राहियों के चयन तथा एनआरएलएम, कौशल विकास और शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय में सहयोग करेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर, सीओओ अमिताभ राय चौधरी, सीटीओ विनीत कुमार झा तथा स्व-सहायता समूह की सपना और अनुजा उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story