बलरामपुर में सीएमएचओ का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में सीएमएचओ का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश


बलरामपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने आज शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियों का सायंकालीन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय में रहकर समय पर कर्तव्य स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की ओर से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

डॉ. सिंह ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य संस्थाएं आम लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में इन संस्थाओं में चिकित्सकीय सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को समय पर आवश्यक सुविधाएं देने तथा स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले अधिकारी-कर्मचारियों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि समय पर उपस्थिति और जिम्मेदारियों का निर्वहन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से सीधे जुड़ा है। कार्य में लापरवाही या बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों से कर्तव्य के प्रति सजग रहने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story