बलरामपुर में एक फोन कॉल से छात्रा को मिला छात्रावास में प्रवेश, सीएम हेल्पलाइन से 10 दिन में सुलझी समस्या

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में एक फोन कॉल से छात्रा को मिला छात्रावास में प्रवेश, सीएम हेल्पलाइन से 10 दिन में सुलझी समस्या


बलरामपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों की समस्याओं के निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसका एक उदाहरण ग्राम मौली की मेधावी छात्रा रिया है, जिसे 88.6 प्रतिशत अंक हासिल करने के बावजूद कक्षा 9वीं की पढ़ाई के लिए छात्रावास में प्रवेश नहीं मिल पा रहा था। पिता अजय प्रसाद अगरिया ने हेल्पलाइन पर अपनी समस्या दर्ज कराई। इसके बाद आदिम जाति विकास विभाग ने महज 10 दिनों के भीतर वाड्रफनगर स्थित प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में रिया को सीट आवंटित कर दी। इससे उसकी आगे की पढ़ाई का रास्ता साफ हो गया।

सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से जिले में लोगों की समस्याओं के निराकरण का आकलन मुख्यमंत्री सुशासन फेलो मध्यम दुबे ने अपनी रिपोर्ट में किया है। यह रिपोर्ट कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले 90 प्रतिशत से अधिक आवेदकों ने मिले समाधान पर संतुष्टि जताई है। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन से मिलने वाली शिकायतों को प्राथमिकता से लें और उनका ऐसा निराकरण करें, जिससे आवेदक की वास्तविक समस्या दूर हो सके।

मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग की पहल है, जो आईआईएम रायपुर के सहयोग से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर नीति क्रियान्वयन और सार्वजनिक सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाना है। आईआईएम रायपुर में तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद दूसरे बैच के 36 फेलो अलग-अलग जिलों में तैनात किए गए हैं। इसी क्रम में मध्यम दुबे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कार्यरत हैं।

रिपोर्ट में दर्ज अन्य मामलों से भी हेल्पलाइन के जरिए हो रहे त्वरित निराकरण की जानकारी सामने आई है। ग्राम बरदर के किसान मुकेश के खेत की बिजली लाइन खराब होने की शिकायत पर विद्युत वितरण कंपनी ने दो दिनों में आपूर्ति बहाल कर दी। ग्राम चिनिया में बंद पड़े सोलर पेयजल संयंत्र को क्रेडा ने बाउलाल सिंह की शिकायत के बाद दुरुस्त कराया, जिससे गांव में फिर से पेयजल आपूर्ति शुरू हो सकी। इसी तरह ग्राम बचवार की प्राथमिक शाला में पानी, नल और शौचालय से जुड़ी समस्याओं का संदीप नाग की शिकायत पर दो दिनों के भीतर निराकरण किया गया।

महिला एवं बाल विकास से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई हुई। ग्राम जूनामाकड़ के ढाई वर्षीय ईथन कुजूर का विवरण पोषण ट्रैकर एप में अपडेट कर उसे रेडी-टू-ईट पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराना शुरू किया गया। ग्राम बरदर की माया गुप्ता को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत द्वितीय बालिका का लाभ दिलाया गया। वहीं, दुर्गावती कनौजिया का महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी पूरा कराया गया।

इसके अलावा ग्राम बरतिकला के विकास कुमार को नया राशन कार्ड मिला। जय प्रकाश साहू के बेटे के माइग्रेशन और प्रमाणपत्र से जुड़ी समस्या का विकासखंड शिक्षा कार्यालय के माध्यम से तत्काल निराकरण किया गया। ग्राम चंदौरा के ओमप्रकाश यादव की आवास संबंधी शिकायत पर जांच दल गठित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इन मामलों के जरिए जिला प्रशासन का दावा है कि सीएम हेल्पलाइन ग्रामीणों को बिना सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए अपनी समस्याएं संबंधित विभागों तक पहुंचाने का अवसर दे रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित किसी भी परेशानी के समाधान के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1076 पर संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story