बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने पर 27 नवंबर को बलरामपुर में चलेंगी जागरूकता गतिविधियां

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने पर 27 नवंबर को बलरामपुर में चलेंगी जागरूकता गतिविधियां


बलरामपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने और बाल विवाह, कम उम्र में विवाह तथा जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलास्तर से लेकर ग्राम पंचायतों तक होने वाली इन गतिविधियों में शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।

इस अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को बाल विवाह नहीं करने और इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ दिलाई जाएगी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से दोपहर 3 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका जिले में ऑनलाइन प्रसारण किया जाएगा। नागरिक बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल stopchildmarriage.wcd.gov.in पर जाकर भी बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ले सकते हैं।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि सामाजिक बुराई भी है। इससे बच्चों का शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है तथा उनके अधिकारों का हनन होता है। उन्होंने जिलेवासियों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों से जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने और बलरामपुर को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story