गोवर्धन पूजा की रात महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, ममेरा भाई गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गोवर्धन पूजा की रात महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, ममेरा भाई गिरफ्तार


बलरामपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के मुड़कमपाट गांव में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पुरानी रंजिश के चलते गोवर्धन पूजा की रात महिला को जंगल ले जाकर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपित को आज बुधवार काे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, मुड़कमपाट निवासी किशुन नगेशिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के अशोक नगेशिया ने फोन कर उसे भीतरकोना जंगल पहुंचने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर उसने अपनी सास पलंगी नगेशिया (46 वर्ष), पति स्वर्गीय फिदकू नगेशिया का शव पेड़ के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में पड़ा देखा। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शव खून से सना हुआ था।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 37/2026 दर्ज कर अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा कर वैज्ञानिक अधिकारी की मदद से साक्ष्य भी एकत्र किए गए।

प्रारंभिक जांच और गवाहों से पूछताछ में मृतिका के ममेरे भाई मदन नगेशिया (47 वर्ष) का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, करीब दो से तीन महीने पहले मदन के छोटे बेटे और पलंगी की नातिन के बीच बच्चों का विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर पलंगी और मदन के बीच भी झगड़ा और गाली-गलौज हुई थी। तभी से मदन के मन में पलंगी के प्रति नाराजगी थी।

जांच में सामने आया कि गोवर्धन पूजा के दिन हंडिया पीने के बाद मदन पलंगी को रात में जंगल की ओर ले गया। वहां पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव को जंगल में छोड़ दिया। पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मदन नगेशिया, निवासी मुड़कमपाट (चंचलचुवों), को गिरफ्तार कर लिया।

पूरी कार्रवाई में चांदो थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, आरक्षक संदीप और महिला आरक्षक मित्रविंदा की भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story