बलरामपुर में उत्साह के साथ संपन्न हुआ विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव, मांदर की थाप पर झूमे कलाकार

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में उत्साह के साथ संपन्न हुआ विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव, मांदर की थाप पर झूमे कलाकार


बलरामपुर, 10 नवंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले में मंगलवार को जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। रामचंद्रपुर जनपद पंचायत में आयोजित महोत्सव में प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं शंकरगढ़ के स्व. लरंग साय स्टेडियम और राजपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महुआपारा के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रमों में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

महोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने मांदर की थाप पर करमा नृत्य और लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोकधुनों की लय और कलाकारों के उत्साह ने आयोजन स्थलों को जनजातीय संस्कृति के रंग में रंग दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

करमा महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोकनृत्य और लोकगीतों को पहचान दिलाना तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। विकासखंड स्तर पर आयोजित महोत्सव में विभिन्न दलों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए क्षेत्र की लोकसंस्कृति की झलक पेश की।

उल्लेखनीय है कि उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव यानी करमा महोत्सव 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत, विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर किया जा रहा है। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देंगे। जिला स्तर पर विजेता दलों को पुरस्कृत किया जाएगा और उन्हें राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।

इस तरह करमा महोत्सव जनजातीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ ही क्षेत्र की पारंपरिक कला और सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का माध्यम बन रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story