बलरामपुर : एनएच-343 पर डंपर हादसे के बाद प्रशासन सक्रिय, अस्पताल और घटनास्थल पहुंचीं कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : एनएच-343 पर डंपर हादसे के बाद प्रशासन सक्रिय, अस्पताल और घटनास्थल पहुंचीं कलेक्टर


बलरामपुर : एनएच-343 पर डंपर हादसे के बाद प्रशासन सक्रिय, अस्पताल और घटनास्थल पहुंचीं कलेक्टर


एक ही परिवार के तीन लोग घायल, चार गायों की हुई मौत, बेहतर इलाज और सहायता के दिए निर्देश

बलरामपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त जिला कार्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर आज शुक्रवार सुबह हुए डंपर हादसे के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। दुर्घटना में घायल एक ही परिवार के तीन सदस्यों का हाल जानने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज सुबह गिट्टी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराया था। हादसे में घर के भीतर मौजूद एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए थे, जबकि चार गायों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद कलेक्टर दुर्घटनास्थल भी पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित परिवार से भेंट कर घटना की जानकारी ली और घायल महिला लालमुनि से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

जिला प्रशासन के अनुसार, पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है और प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story