बलरामपुर जिले के 772 मतदान केन्द्रों का हुआ प्रकाशन, 12 नवंबर को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत सोमवार को जिले के रामानुजगंज और सामरी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का प्रकाशन किया गया। जिले में कुल 772 मतदान केन्द्र स्थापित हैं। इनमें रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में 302 और सामरी में 302 मतदान केन्द्र शामिल हैं। वहीं प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के वाड्रफनगर और रघुनाथनगर तहसील के 168 मतदान केन्द्रों का प्रकाशन जिला सूरजपुर द्वारा किया जाएगा।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि इस बार जिले के किसी भी मतदान केन्द्र में बदलाव नहीं किया गया है। सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की संख्या 1,200 से कम है। इसके अलावा सभी केन्द्र मतदाताओं के निवास से दो किलोमीटर के दायरे में हैं और भूतल पर स्थित हैं। मतदान केन्द्रों की सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों, संबंधित मतदान केन्द्रों तथा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर देखी जा सकती है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या अन्य संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा।

पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story