बलरामपुर को 157 करोड़ के 191 विकास कार्यों की सौगात, उपमुख्यमंत्री साव ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर को 157 करोड़ के 191 विकास कार्यों की सौगात, उपमुख्यमंत्री साव ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन


बलरामपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के विकास को गति देने के लिए गुरुवार को 157 करोड़ 4 लाख रुपये के 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 126 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत के 171 पूर्ण कार्य जनता को समर्पित किए, जबकि 30 करोड़ 99 लाख रुपये के 20 नए विकास कार्यों की आधारशिला रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए पेयजल, सड़क-पुल, कृषि, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्रमुखता दी गई। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा पेयजल से संबंधित है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 66 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत वाली 35 जल प्रदाय योजनाएं पूरी होने के बाद जनता को समर्पित की गईं। इन योजनाओं से जिले के सभी छह विकासखंडों के गांवों में लोगों को घर तक पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

आवागमन को बेहतर बनाने के लिए 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार उच्चस्तरीय पुलों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें डीपाडीहकला-करमी उरांवटोली मार्ग पर गलफुल्ला नदी में 12 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से बना पुल प्रमुख है। इसके अलावा देवरी-मदगुरी, सुंदरपुर-चौराखाड़ और अंबिकापुर-धनवार-वाराणसी मार्ग पर बने पुल भी जनता को समर्पित किए गए। इन पुलों से बारिश के दौरान प्रभावित होने वाले कई इलाकों में आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।

इसके साथ ही इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर 18 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार नए उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन किया गया। इन पुलों के निर्माण से नदी-नालों के कारण प्रभावित होने वाले गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय, अस्पताल, स्कूल और बाजारों से बेहतर होगा।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कृषि विपणन बोर्ड के 33 करोड़ 1 लाख रुपये के 130 कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। महावीरगंज में 5,400 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का निर्माण प्रमुख कार्यों में शामिल है। इससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। महावीरगंज, कनकपुर, मानिकपुर, चम्पापुर, तातापानी, भैरोपुर चमनपुर और करचलगली में नीलामी चबूतरे, सीसी सड़क और शौचालय सहित हाट बाजार से जुड़े कार्य भी पूरे किए गए हैं।

बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में 100 से अधिक स्थानों पर सीसी सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य भी किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और स्थानीय बाजारों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया। अमरावतीपुर में निर्मित हाईस्कूल भवन और नगर पालिका बलरामपुर में तैयार 23 व्यावसायिक दुकानों का लोकार्पण किया गया। वहीं राजपुर में 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन तथा 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से 4 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

बलरामपुर नगर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और मुक्तिधाम से जुड़े कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से नगरीय क्षेत्र में स्वच्छता, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाना और ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में लोगों की जरूरतों को पूरा करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story