(अपडेट) बलौदाबाजार तहसील कार्यालय में लगी आग पर प्रशासन व दमकल टीम ने पाया काबू, दस्तावेज सुरक्षित
- कलेक्टर ने निरीक्षण कर लिया जायजा, दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के निर्देश
बलौदाबाजार, 06 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला स्थित पुराने तहसील कार्यालय के एक किनारे में आज शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अचानक आग लग गई जिससे रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्से में आग फैल गई। आग पर काबू पाने प्रशासन व सीमेंट सयंत्र की दमकल टीम द्वारा मौक़े पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया गया। दस्तावेजों को सुरक्षित निकाल लिया गया। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मौक़े पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और अधिकारियो को जरुरी निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि, जांच टीम गठित कर आग लगने के कारण की जांच कराएं। भवन ऐतिहासिक धरोहर है इसलिए इसको सुरक्षित रखना है। क्षतिग्रस्त हिस्से का मरम्मत कर पुनर्रोद्धार हेतु प्राक्कलन तैयार करने एवं तकनीकी व प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही जिला मुख्यालय एवं विकासखंड मुख्यालयों में स्थित पुराने शासकीय भवनों में विद्युत वायरिंग की जांच हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियो की टीम गठित कर जांच कराने और प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिये।
बताया गया कि, पुराने एसडीओपी कार्यालय की ओर से पहले आग लगी जो धीरे धीरे तहसील कार्यालय के रिकार्ड रूम, नायब तहसीलदार कोर्ट की ओर फैली। दमकल टीम द्वारा जल्द आग पर काबू पा लिया गया। यह तहसील भवन 1907 में करीब 851 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित हुआ है।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अवध राम ठंडन, एसडीएम प्रकाश कोरी, तहसीलदार निवेश कोरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

