बलौदाबाजार : अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कर्मचारी की संदिग्ध मौत, ड्यूटी के दौरान धर्मकांटा पर मिला शव
बलौदाबाजार, 13 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के रावन स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र में शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कर्मचारी का शव प्लांट परिसर स्थित धर्मकांटा विभाग में मिला। घटना की सूचना मिलते ही संयंत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम चरौदा निवासी 57 वर्षीय भुनेश्वर यादव के रूप में हुई है। वे अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के धर्मकांटा विभाग में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, वे रोजाना की तरह शुक्रवार को भी ड्यूटी पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सुहेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कर्मचारी की मौत की खबर से प्लांट के सहकर्मियों और श्रमिकों में शोक का माहौल है।
फिलहाल कर्मचारी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है, लेकिन मौत हार्ट अटैक से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस परिजनों और प्लांट में कार्यरत सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

