विश्वकर्मा पूजा पर आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए खुलेगा बैलाडीला खदान क्षेत्र
दंतेवाड़ा, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले के बैलाडीला खदान क्षेत्र में 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रति वर्ष की परंपरा के अनुसार बैलाडीला खदान क्षेत्र आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। कोरोना काल के बाद से प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में प्रवेश को लेकर लोगों का लंबे समय से इंतजार था।
जानकारी के अनुसार बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बचेली स्थित एनएमडीसी कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर खदान क्षेत्र आम नागरिकों के लिए खोलने का आग्रह किया था। उनकी पहल के बाद इस वर्ष लोगों को पुनः बैलाडीला के खदान क्षेत्र को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
कोरोना काल के बाद बैलाडीला खदान क्षेत्र में आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। ऐसे में वर्ष में एक दिन विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर खदान क्षेत्र खुलने का लोगों को विशेष इंतजार रहता है। इस दिन बस्तर संभाग सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बैलाडीला पहुंचते हैं।
संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एनएमडीसी की ओर से लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे निर्धारित स्थानों से खदान क्षेत्र तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
बैलाडीला की ऊंची पहाड़ियां, प्राकृतिक सौंदर्य और विशालकाय खनन मशीनें पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती हैं। इस दौरान लोग खनन कार्य को करीब से देखने के साथ मशीनों के साथ फोटो और सेल्फी भी लेते हैं।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आम नागरिकों के प्रवेश को लेकर एनएमडीसी द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर श्रद्धालु कैलाश नगर स्थित भोलेनाथ मंदिर में दर्शन करने के साथ बैलाडीला की प्राकृतिक सुंदरता और विशाल खनन मशीनों को भी करीब से देख सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

