जांजगीर-चांपा में बदहाल अंडरब्रिज बना खतरा: सड़क हादसे में मासूम गंभीर, तीन दिन से कोमा में जंग

WhatsApp Channel Join Now

जांजगीर-चांपा, 1 मई (हि. स.)। नैला–बलौदा मार्ग स्थित अंडरब्रिज की बदहाल स्थिति ने एक मासूम की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। पानी से भरे गहरे गड्ढों के कारण हुए सड़क हादसे में एक नन्ही बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जो पिछले तीन दिनों से कोमा में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, वहीं पीड़ित परिवार को अब तक शासन-प्रशासन से अपेक्षित मदद नहीं मिलने की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार, अंडरब्रिज में हमेशा पानी भरा रहने के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में 29 अप्रैल को एक परिवार बाइक से गुजर रहा था, तभी गड्ढे में बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान मां की गोद से बच्ची सड़क पर गिर गई और उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। बच्ची को तत्काल इलाज के लिए बिलासपुर ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

इस घटना ने अब व्यापक स्तर पर ध्यान खींचा है। पीड़ित परिवार से जुड़ा एक भावुक संदेश अमेरिका में रह रहे समाजसेवी डॉ. राघवेन्द्र पाण्डेय तक पहुंचा। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है। अपने संदेश में उन्होंने स्वर्गीय कुमार युध्‍दवीर सिंह जूदेव को याद करते हुए कहा कि, यदि वे आज जीवित होते, तो यह मामला तुरंत मुख्यमंत्री तक पहुंच जाता। उन्होंने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि बच्ची जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटेगी।

डॉ. पाण्डेय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नैला क्षेत्र में ओवरब्रिज निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को भी फिर से उठाया है। बताया जा रहा है कि करीब 20 वर्षों से इस स्थान पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव लंबित है और कागजों तक सीमित रह गया है, जबकि जमीनी हकीकत में अंडरब्रिज लगातार हादसों का कारण बन रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि, यदि समय रहते ओवरब्रिज का निर्माण कर लिया गया होता, तो इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता था। अब इस हादसे के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि वह न केवल पीड़ित परिवार को त्वरित सहायता उपलब्ध कराए, बल्कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी ठोस कदम उठाए। फिलहाल, मासूम बच्ची अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है और पूरा जिला उसकी सलामती की दुआ कर रहा है। लोगों को उम्मीद है कि इस बार प्रशासन जागेगा और इस खतरनाक अंडरब्रिज की समस्या का स्थायी समाधान जल्द निकाला जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story