बड़कीमहरी एबीसी सेंटर का निरीक्षण, जल्द उन्नत होंगी पशु जन्म नियंत्रण की सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
बड़कीमहरी एबीसी सेंटर का निरीक्षण, जल्द उन्नत होंगी पशु जन्म नियंत्रण की सुविधाएं


बलरामपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। ग्राम पंचायत बड़कीमहरी के गोठान परिसर में नगर पालिका परिषद बलरामपुर द्वारा संचालित पशु जन्म नियंत्रण केंद्र (एबीसी सेंटर) का बुधवार को पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर किए गए निरीक्षण में केंद्र की मौजूदा व्यवस्थाओं और संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं का जायजा लिया गया।

उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. एस.एस. सेंगर के नेतृत्व में पहुंची टीम में डॉ. अनिश, डॉ. लीनवानी और पशु चिकित्सालय एवं बलरामपुर ब्लॉक प्रभारी डॉ. ममता निकुंज शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी दीपक एक्का भी मौजूद रहे।

टीम ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर इसके प्रभावी संचालन को लेकर चर्चा की। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद केंद्र का संचालन जारी है। आवश्यक अधोसंरचना के निर्माण, मरम्मत और विस्तार का काम चल रहा है। इसके अलावा जरूरी उपकरण एवं सामग्री की खरीदी की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि सुविधाओं को जल्द उन्नत कर नगर पालिका परिषद के माध्यम से केंद्र का नियमित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। एबीसी सेंटर के सुदृढ़ होने से निराश्रित पशुओं, विशेषकर आवारा कुत्तों की संख्या को वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे श्वान दंश की घटनाओं में कमी लाने के साथ पशु कल्याण और नगरवासियों की सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story