बचेली परियोजना में एल 01-एल 02 पदों पर भर्ती के लिए तीन दिनाें से आंदोलन जारी
दंतेवाड़ा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। एनएमडीसी की बचेली परियोजना में एल 01 और एल 02 पदों पर स्थानीय युवाओं की भर्ती को लेकर 12 ग्राम पंचायतों के बेरोजगार युवाओं का बचेली चेक पोस्ट पर प्रदर्शन आज बुधवार काे तीसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार से शुरू हुए आंदोलन में स्थानीय युवाओं की भर्ती को लेकर प्रबंधन की ओर से ठोस निर्णय नहीं होने से आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
सोमवार देर रात करीब 01 बजे विधायक चैतराम अटामी की मौजूदगी में एनएमडीसी अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में स्थानीय युवाओं की भर्ती से जुड़ी मांगों पर चर्चा की गई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल को हैदराबाद भेजकर संबंधित अधिकारियों के सामने पक्ष रखने का प्रस्ताव दिया गया था। मंगलवार सुबह आंदोलनकारी इस प्रस्ताव पर आगे बढ़ने के लिए तैयार नहीं हुए। युवाओं का कहना है कि वे केवल चर्चा के लिए हैदराबाद जाने के बजाय भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में स्पष्ट और ठोस पहल चाहते हैं। उनका सवाल है कि जब स्थानीय युवाओं के रोजगार का मामला लंबे समय से उठाया जा रहा है, तो अब तक इसका समाधान क्यों नहीं निकल पाया है।
कमेली के सरपंच करन तामो ने बताया कि बैलाडीला दौरे के दौरान एनएमडीसी के सीएमडी कह चुके हैं कि एल 01 और एल 02 पदों पर भर्ती प्रक्रिया उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। ऐसे में युवाओं का सवाल है कि जब भर्ती का निर्णय सीएमडी के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, तो हैदराबाद जाकर चर्चा करने से क्या समाधान निकलेगा?
प्रदर्शनकारी युवाओं की मांग है कि एनएमडीसी प्रबंधन भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपना रुख स्पष्ट करे और स्थानीय बेरोजगारों के हित में ठोस निर्णय ले। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे आश्वासन के बजाय भर्ती को लेकर आगे की कार्ययोजना और समय सीमा जानना चाहते हैं। एनएमडीसी बस्तरवासियों और युवाओं के साथ छल कर रहा है
एनएमडीसी के मीडिया मैनेजर बी. उज्ज्वल के अनुसार कंपनी स्थानीय समुदायों के कल्याण, विकास और युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में एल-01, एल-02 और एल-04 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी. चयनित उम्मीदवार वर्ष 2023 में कंपनी में शामिल हुए। जिसमें कुल 304 कार्मिकों की भर्ती हुई, जिनमें 279 उम्मीदवार यानी करीब 91 प्रतिशत छत्तीसगढ़ के थे। इनमें एल-02 और एल-04 के 239 कार्मिक शामिल हैं। इनमें से 105 को बचेली और 134 को किरंदुल परियोजना के लिए नियुक्त किया गया था। वहीं, एल-01 के 65 पदों में से 30 बचेली और 35 किरंदुल परियोजना के लिए थे। मीडिया मैनेजर ने कहा कि एल-01 और एल-02 की भर्ती को लेकर युवाओं की चिंताओं पर ध्यान दिया गया है। हालांकि मौजूदा आंदोलन के बीच नई भर्ती को लेकर किसी ठोस निर्णय की घोषणा नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

