डीएसपीएम ताप विद्युत गृह में विधि-विधान से बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन

WhatsApp Channel Join Now
डीएसपीएम ताप विद्युत गृह में विधि-विधान से बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन


कोरबा, 18 सितम्बर (हि. स.)। जिले के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धा और विधि-विधान के साथ आज शुक्रवार काे बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर ताप विद्युत गृह के टरबाइन संभाग एवं वर्कशॉप से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह में टरबाइन संभाग और वर्कशॉप में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई थी। औद्योगिक संस्थानों और तकनीकी कार्यस्थलों में भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और तकनीकी कौशल के देवता के रूप में पूजने की परंपरा है। इसी क्रम में ताप विद्युत गृह के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की आराधना कर संस्थान की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और कार्यों में सफलता की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद निर्धारित परंपराओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा में भाग लिया और भगवान विश्वकर्मा का स्मरण करते हुए विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया। विसर्जन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ-साथ कार्यस्थल की सुरक्षा और कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना भी की गई।

कार्यक्रम में टरबाइन संभाग और वर्कशॉप के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कर्मचारियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि तकनीकी कार्यों, मशीनों और औद्योगिक गतिविधियों के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है। ताप विद्युत गृह जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थान में विश्वकर्मा पूजा का विशेष महत्व माना जाता है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में मशीनों, उपकरणों और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से विद्युत उत्पादन का कार्य किया जाता है।

भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के विधि-विधान से विसर्जन के साथ ही ताप विद्युत गृह में आयोजित विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी सौहार्द के साथ सहभागिता की तथा भगवान विश्वकर्मा से संस्थान की निरंतर प्रगति और सभी कर्मचारियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story