आयुष्मान कार्ड से अमृत कुमार का 56 हजार का इलाज हुआ निशुल्क

WhatsApp Channel Join Now
आयुष्मान कार्ड से अमृत कुमार का 56 हजार का इलाज हुआ निशुल्क


बलरामपुर, 20 सितंबर (हि.स.)।विकासखंड बलरामपुर के ग्राम जवाहरनगर निवासी 32 वर्षीय अमृत कुमार मंडल के लिए आयुष्मान कार्ड मुश्किल समय में मददगार साबित हुआ। अगस्त 2026 में घर के आंगन में फिसलकर गिरने से उनकी कलाई में गंभीर चोट आई थी। जांच में कलाई की कई हड्डियां टूटने की पुष्टि हुई, जिसके बाद रामानुजगंज के संजीवनी हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन किया गया। उपचार पर 56,642 रुपये का खर्च आया, जिसे योजना के तहत वहन किया गया।

अमृत कुमार छोटे किसान परिवार से हैं और खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। हादसे के बाद उन्होंने नजदीकी स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया, लेकिन दर्द और परेशानी बनी रही। इसके बाद रामानुजगंज के संजीवनी हॉस्पिटल में जांच कराने पर कलाई की कई हड्डियों में फ्रैक्चर पाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल शल्यक्रिया की आवश्यकता बताई।

ऑपरेशन और इलाज के खर्च की चिंता के बीच परिवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के तहत उपचार की सुविधा के बारे में जानकारी मिली। अमृत कुमार के आयुष्मान कार्ड के माध्यम से अस्पताल में उनका उपचार शुरू हुआ। चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया और उपचार पूरा होने के बाद वे स्वस्थ होकर अपने गांव लौट गए।

अमृत कुमार मंडल ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च जुटाना परिवार के लिए मुश्किल था। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली और परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ा।

जिला प्रशासन ने जिले के पात्र नागरिकों से आयुष्मान कार्ड बनवाने और योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार पात्र परिवार अपने नजदीकी संबंधित केंद्र या स्वास्थ्य संस्थान से योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story