बलरामपुर : घर-घर बन रहे आयुष्मान और वय वंदना कार्ड, वरिष्ठ नागरिकों का मौके पर हो रहा पंजीयन

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आज मंगलवार जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बना रही हैं, जबकि 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का ई-केवाईसी कर वय वंदना कार्ड भी तैयार किया जा रहा है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, मितानिन, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य मित्र घर-घर जाकर पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर ही ई-केवाईसी और कार्ड बनाने की सुविधा दी जा रही है, ताकि उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों तक आने की आवश्यकता न पड़े।

राशन कार्ड के आंकड़ों के अनुसार जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 8,02,384 पात्र हितग्राही चिन्हित हैं। इनमें से अब तक 7,41,792 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष पात्र हितग्राहियों का पंजीयन जारी है।

वहीं आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत जिले में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के 21,609 वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं। इनमें से अब तक 14,499 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन पूरा हो चुका है। शेष पात्र लोगों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर अभियान चला रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर अपना आयुष्मान और आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाएं। इससे जरूरत पड़ने पर प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क उपचार सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story