अंबिकापुर : सुशासन शिविर में हाथों-हाथ बना आयुष्मान कार्ड, अब पूजा को मिलेगी पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की गारंटी

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : सुशासन शिविर में हाथों-हाथ बना आयुष्मान कार्ड, अब पूजा को मिलेगी पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की गारंटी


अंबिकापुर, 04 जून (हि.स.)। राज्य सरकार द्वारा संचालित 'सुशासन तिहार' के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत हर्राटिकरा में गुरुवार काे आयोजित शिविर से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां सालों से स्वास्थ्य कार्ड के लिए परेशान ग्रामीण महिला की समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

ग्राम पंचायत हर्राटिकरा की रहने वाली पूजा खलखो लंबे समय से अपना आयुष्मान कार्ड न बन पाने के कारण परेशान थीं, जिससे वे सरकार की मुफ्त इलाज योजना से वंचित थीं। जब उन्हें गांव में ही सुशासन शिविर के आयोजन की जानकारी मिली, तो वे अपनी अर्जी लेकर वहां पहुंचीं। शिविर में मौजूद अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके दस्तावेजों की तुरंत जांच की और मौके पर ही उनका आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का कार्ड बनाकर उन्हें सौंप दिया।

हाथों-हाथ आयुष्मान कार्ड मिलने पर पूजा खलखो के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। इस कार्ड की बदौलत अब उन्हें और उनके परिवार को देश के किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सकेगी। पूजा ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि इस कार्ड के बन जाने से अब उनके परिवार को भविष्य में बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी खर्चों की चिंता से बड़ी मुक्ति मिल गई है, और जरूरत पड़ने पर वे किसी भी अच्छे अस्पताल में बेहतर इलाज करा सकेंगी।

त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से गदगद पूजा ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और शिविर की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार की यह पहल वाकई तारीफ के काबिल है, जिसके कारण आज अंतिम छोर पर बैठे आम लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे और बेहद आसानी से पहुंच रहा है।

गौरतलब है कि हर्राटिकरा के इस सुशासन शिविर में केवल पूजा ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में मौजूद प्रशासनिक अमला इन सभी आवेदनों की स्क्रूटनी कर मौके पर ही उनका समयबद्ध और त्वरित निराकरण करने में जुटा रहा। सरकार का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story