घठुला में लगा आयुष स्वास्थ्य मेला, 545 बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
घठुला में लगा आयुष स्वास्थ्य मेला, 545 बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन संस्कार


धमतरी, 18 अगस्त (हि.स.)। विकासखंड नगरी अंतर्गत ग्राम घठुला में मंगलवार को एकदिवसीय निशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। शिविर में 616 मरीजों की जांच कर उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं 545 बच्चों को स्वर्णप्राशन संस्कार कराया गया। बच्चों के पोषण की स्थिति की जांच में करीब 42 बच्चे कुपोषित श्रेणी में पाए गए।

संचालनालय आयुष विभाग रायपुर के निर्देश एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला आयुष विभाग धमतरी ने ग्राम घठुला में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत घठुला की सरपंच सरिता ध्रुव, उपसरपंच वेदराम साहू, तोरण ध्रुव, शत्रुघ्न साहू, ललित प्रजापति, कन्हैया साहू और ग्राम सचिव बलराम चंदन सहित आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुई।

जिला आयुष अधिकारी डा. कृपा राम ठाकुर के नेतृत्व में और शिविर प्रभारी डा. रविंद्र कुमार वर्मा के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई। मेले में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आयुष पद्धति से उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। 140 लोगों की रक्त जांच में 12 मरीजों में मधुमेह का स्तर बढ़ा मिला। उन्हें आगे की जांच और चिकित्सकीय परामर्श के लिए मार्गदर्शन दिया गया।मरीजों को आवश्यकतानुसार निश्शुल्क औषधियां भी वितरित की गई।

545 बच्चों को स्वर्णप्राशन संस्कार

आयुष मेले में स्वर्णप्राशन कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान 545 बच्चों को स्वर्णप्राशन ड्राप पिलाई गई। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति का अवलोकन किया गया। करीब 42 बच्चे कुपोषित श्रेणी में पाए गए। इनके अभिभावकों को बच्चों के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और पोषण संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। शिविर में ग्रामीणों को योग, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story