धमतरी में आयुर्वेद को मिलेगा वैज्ञानिक आधार, रिसर्च सेंटर की स्थापना की मांग

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में आयुर्वेद को मिलेगा वैज्ञानिक आधार, रिसर्च सेंटर की स्थापना की मांग


धमतरी, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले की प्राकृतिक संपदा और वनौषधियों को वैज्ञानिक पहचान दिलाने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने धमतरी में आयुर्वेदिक अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की है।

उन्होंने कहा कि धमतरी जिला प्राकृतिक संपदा, औषधीय वनस्पतियों और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। जिले सहित आसपास के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेदिक औषधियों के प्रति लोगों की गहरी रुचि है। ऐसे में यहां अनुसंधान केंद्र की स्थापना होने से पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक आधार मिलेगा और आयुर्वेद के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

रंजना साहू ने कहा कि वर्तमान समय में औषधीय पौधों के संरक्षण, उनके औषधीय गुणों की पहचान और आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों पर वैज्ञानिक अनुसंधान की आवश्यकता बढ़ रही है। धमतरी में आयुर्वेदिक रिसर्च सेंटर स्थापित होने से स्थानीय औषधीय वनस्पतियों की पहचान एवं संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विभिन्न वनौषधियों पर शोध, उनके उपयोग और औषधीय महत्व को लेकर नई जानकारियां सामने आएंगी। इससे जिले के नागरिकों के साथ आसपास के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों को भी अनुसंधान आधारित आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अनुसंधान केंद्र की स्थापना से आयुष क्षेत्र में प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा। क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से धमतरी में आयुर्वेदिक अनुसंधान केंद्र की स्थापना पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सकारात्मक विचार करने की बात कही

है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story