बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जांजगीर-चांपा, 1 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एकीकृत बाल विकास परियोजना बलौदा के सेक्टर खिसोरा-34 स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एनरोलमेंट माह पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना बलौदा ने आज बुधवार काे बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शाला त्यागी बालिकाओं को पुनः विद्यालय से जोड़ना तथा बालिका शिक्षा के प्रति अभिभावकों एवं समुदाय को जागरूक करना था। कार्यक्रम में स्कूल चलो अभियान के तहत बालिकाओं को नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों से बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया।
छात्रवृत्ति, निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक, मध्याह्न भोजन सहित शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी तथा बालिकाओं को नियमित अध्ययन और विद्यालय में निरंतर उपस्थिति के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, किशोरी बालिकाएं, उनके अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

