महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विद्यालयों में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विद्यालयों में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान


महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विद्यालयों में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान


जांजगीर-चांपा,24 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अनीता अग्रवाल के मार्गदर्शन में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 द्वारा जिले के विद्यालयों में बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण संबंधी जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीबाई चाम्पा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा, बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम तथा बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 बच्चों के लिए 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन संचालित होने वाली निःशुल्क आपातकालीन सेवा है, जिसके माध्यम से किसी भी संकटग्रस्त बच्चे को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है। टीम द्वारा बच्चों को वीडियो प्रस्तुति एवं संवादात्मक सत्र के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई बच्चा अनाथ, बेसहारा, बाल श्रम में संलिप्त, बाल विवाह की आशंका से ग्रसित, शोषण अथवा दुर्व्यवहार का शिकार हो या किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहा हो, तो उसकी सूचना तत्काल 1098 पर दी जा सकती है। ऐसे मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम त्वरित हस्तक्षेप कर आवश्यक संरक्षण एवं पुनर्वास की कार्यवाही सुनिश्चित करती है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग, बाल तस्करी अथवा किसी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में भयभीत होने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय वयस्क को जानकारी दें तथा आवश्यकता पड़ने पर 1098 से संपर्क करें। टीम ने बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उपस्थित विद्यार्थियों ने बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के महत्व, उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए आवश्यकता पड़ने पर सेवा का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक विष्णु श्रीवास, काउंसलर अल्का फॉक, केस वर्कर सुश्री डानी सोनवानी एवं भागीदारी सिदार द्वारा विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने अपील की है कि किसी भी बच्चे के बाल श्रम, बाल विवाह, भीख मांगने, सड़क पर रहने, शोषण, उपेक्षा, लापता होने अथवा अन्य संकटग्रस्त स्थिति में पाए जाने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, 9827771819 अथवा 8963997174 पर सूचना देकर बच्चे की सुरक्षा एवं संरक्षण में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story