सूरजपुर : ओड़गी में जागरूकता शिविर, बाल विवाह रोकथाम से साइबर सुरक्षा तक दी गई जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : ओड़गी में जागरूकता शिविर, बाल विवाह रोकथाम से साइबर सुरक्षा तक दी गई जानकारी


सूरजपुर, 22 जून (हि.स.)। विकासखंड ओड़गी में ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों, महिला सशक्तिकरण और शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साेमवार काे जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में फरजाना ने ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने कम उम्र की बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों, गुड टच-बैड टच तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।

शिविर में आपातकालीन सहायता एवं शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098, 181 और 112 की जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा अधिनियम और सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।

महिला सशक्तिकरण केंद्र की जेंडर विशेषज्ञ सलोनी कुजूर और पूनम राजवाड़े ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, भ्रूण हत्या रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, महतारी वंदन ई-केवाईसी और साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए संबंधित ब्रोशर भी वितरित किए गए।

आउटरीच कार्यकर्ता आरती राजवाड़े ने नशा मुक्ति, बालिकाओं की शिक्षा और अच्छे संस्कारों के महत्व पर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण और युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में सरपंच राम सकल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें जागरूक नागरिक बनने तथा सामाजिक अपराधों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story