पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश, संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा में कैद
धमतरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। आधी रात पेट्रोल पंप में पहुंचकर एक अज्ञात व्यक्ति ने कर्मचारियों से गाली-गलौज किया। दो माेटरसाइकिल पर आग भी लगा दिया और इसके बाद पेट्रोल पंप में भी आग लगाने की कोशिश की। संदिग्ध की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद संचालक ने बुधवार काे घटना की शिकायत थाने में कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स की है। यहां एक व दो अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करके चला गया। रात करीब डेढ़ बजे वह संदिग्ध दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा और पेट्रोल-डीजल की मशीन के पास खड़े कर्मचारियों के बाइक के पास पहुंचा। फिर आरोपित ने माचिस से कर्मचारी एकलव्य यादव के बाइक की डिक्की में आग लगा दी। वहीं दूसरी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप के पास रहने वाले कृपाराम की नजर जलती हुई बाइक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल कर्मचारियों को जगाया।
अग्निशमक यंत्र की मदद से आग पर काबू पाया। आगजनी में दो बाइक पूरी तरह जल गई। आग पेट्रोल के नोजल तक पहुंच जाती तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। संदिग्ध व्यक्ति द्वारा आग लगाने की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है। कैमरा में यह भी कैद है कि संदिग्ध व्यक्ति पेट्रोल पंप के नोजल पर माचिस लगाकर आग लगाने करने की कोशिश कर रहा है। इस घटना से वाकिफ होने के बाद पेट्रोल पंप संचालक सुरेन्द्र सिन्हा ने मगरलोड थाने में संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पहचान कर रही है। इस संबंध में एसपी भावना पांडेय का कहना है कि इस मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जा रही है। संदिग्ध की पहचान होने के बाद गिरफ्तार की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

