धमतरी : स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बाद तीन डाक्टरों के अटैचमेंट रद्द

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बाद तीन डाक्टरों के अटैचमेंट रद्द


धमतरी, 25 मार्च (हि.स.)। जिला अस्पताल के पैथोलाजिस्ट सहित तीन डाक्टरों को उनके मूल पदस्थापना स्थल में वापस भेज दिया गया है। यह कार्रवाई 12 मार्च को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग में सभी अटैचमेंट रद्द करने की घोषणा के बाद की गई। इसके बाद धमतरी सीएमएचओ डा यूएल कौशिक ने मंगलवार को तीनों डाक्टरों को उनके मूल पदस्थापना स्थल में वापस भेजने का आदेश जारी किया।

इस आदेश के तहत जिला अस्पताल में कार्यरत पैथोलाजिस्ट डा आदित्य सिन्हा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड, इतवारी बाजार आयुष्मान केंद्र में कार्यरत डा पूजा जैन को पीएससी भखारा एवं सिविल अस्पताल कुरुद में कार्यरत सर्जन डा शीला रानी देवांगन को पीएससी भखारा इनके मूल पदस्थापना स्थल में रिलीव कर दिया गया है। जिला अस्पताल में पहले ही विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी बनी हुई हैं। यहां कार्यरत पैथोलाजिस्ट डा आदित्य सिन्हा के रिलीव होने से हमर लैब, ब्लड बैंक मलेरिया उन्मूलन, फाइलेरिया उन्मूलन, क्षय उन्मूलन, चिरायु कार्यक्रम सहित अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका है। वे कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों के जिला नोडल अधिकारी है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा अरुण कुमार टोंडर ने बताया कि, नई पैथोलाजिस्ट डा शीतल सोनी ने ज्वाइनिंग ली है। इसके साथ ही डा पारिसा सिंह भी विगत आठ महीने से पैथोलाजिस्ट के रूप में अपनी से सेवाएं दे रही हैं। सीएमएचओ डा यूएल कौशिक ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर जिले के तीन डाक्टरों को रिलीव करने का आदेश जारी कर दिया गया है। आवश्यक कार्य प्रभावित न हों इसके लिए उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर आगे की व्यवस्था करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story