एटीआर मॉड्यूल प्रशिक्षण सम्पन्न, पंचायतों में ऑनलाइन प्रतिवेदन व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी

WhatsApp Channel Join Now
एटीआर मॉड्यूल प्रशिक्षण सम्पन्न, पंचायतों में ऑनलाइन प्रतिवेदन व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी


एटीआर मॉड्यूल प्रशिक्षण सम्पन्न, पंचायतों में ऑनलाइन प्रतिवेदन व्यवस्था होगी अधिक पारदर्शी


धमतरी, 04 अगस्त (हि.स.)। पंचायतों में विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध ऑनलाइन प्रतिवेदन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल विषयक प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर की छह सदस्यीय टीम ने जनपद पंचायत धमतरी, नगरी, कुरूद और मगरलोड के पंचायत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को मॉड्यूल के तकनीकी और व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान कदम सिंह सिदार, सतीश चौधरी, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू, प्रियंका मरावी और फैजान अहमद ने ऑनलाइन प्रतिवेदन तैयार करने, निर्धारित समय-सीमा में जानकारी दर्ज करने, आवश्यक दस्तावेजों के संधारण, डेटा की शुद्धता बनाए रखने तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

अधिकारियों ने बताया कि, एटीआर मॉड्यूल के प्रभावी संचालन से पंचायत स्तर पर संपरीक्षा संबंधी आपत्तियों के निराकरण का समयबद्ध डिजिटल अभिलेखीकरण संभव होगा, जिससे कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, प्रगति की सतत समीक्षा तथा योजनाओं और वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही और मजबूत होगी। इससे उच्च स्तर पर निर्णय लेने और अनुपालन की प्रक्रिया भी अधिक सरल एवं प्रभावी बनेगी।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मॉड्यूल का हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया गया तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई। समापन अवसर पर सभी पंचायत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, डेटा की गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने तथा डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर पंचायत प्रशासन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और परिणाममुखी बनाने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story