अटल आवास जर्जर, समय पर समस्या का नहीं हो रहा निराकरण
धमतरी, 15 जनवरी (हि.स.)। धमतरी शहर के सोरिद वार्ड अंतर्गत डिपोपारा अटल आवास के रहवासी गुरुवार को अपनी समस्या लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे, लेकिन वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिलने से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। अधिकारियों से सीधे मुलाकात न हो पाने के कारण रहवासियों को अंततः कलेक्ट्रेट में आवेदन देकर अपनी बात रखने पर मजबूर होना पड़ा। रहवासियों ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व अटल आवास योजना के तहत दो मंजिला मकानों का निर्माण कर कमजोर तबके के लोगों को आबंटित किया गया था। लंबे समय से मरम्मत और जीर्णोद्धार नहीं होने के कारण अब ये मकान बेहद जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं, सीलिंग से सीमेंट के टुकड़े गिर रहे हैं और सीढ़ियां टूट रही हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में जनवरी माह में सीढ़ी टूटने से एक महिला और एक बच्चे को चोटें आई थीं। इसके अलावा छोटी-छोटी घटनाएं लगातार हो रही हैं। रहवासियों का कहना है कि पटाखे फूटने जैसी हल्की आवाज पर भी मकान हिलने लगता है, जिससे हमेशा किसी बड़ी अनहोनी का डर बना रहता है। रहवासियों ने बताया कि यहां हरपल खतरा बना रहता है। हमारी समस्या को नजर अंदाज किया जा रहा है। बड़ी दुर्घटना का इंतजार है। खाना बनाते समय छज्जे से कभी रेत झड़ जाता है तो कभी कंकड़ छिटक जाते हैं। पूरा खाना खराब हो जाता है। आसपास भारी वाहन गुजरता है तो डर बना रहता है। कंपकंपाती ठंड में कुछ लोग बाहर रहने मजबूर हैं। पूर्व में वार्ड के पार्षदों द्वारा नगर निगम का ध्यान भी इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या समाधान नहीं हो पाया है। कलेक्टोरेट में भी अधिकारी नहीं मिलने से लोगों की निराशा और बढ़ गई। कुंती साहू, संतु गुहा, किशन साहू, पेनु भारती, ममता सोनी, सुरेखा नायक, उषा पटेल का कहना है कि यहां हरपल खतरा बना रहता है। हमारी समस्या को नजर अंदाज किया जा रहा है। बड़ी दुर्घटना का इंतजार है।
समस्या बताने वालों में प्रकाश गुमा, मुन्ना पटेल, राज सोनी, उषा सोनी, पुष्मा बाग, कंचन सेन, अश्वनी सेन, पटेल सोनी, दीपेश सोनी, अहिलमा सोनी, राहुल, शिवनारायण नायक, राधा सोनवानी, दुखिया महिलागे, रेखा बंजारे, बुधराम यादव, समारिन बाई, सुरेश जांगड़े, कमला रावे, रमेश बारले, विजय रात्रे, रूची संत, विरेन्द्र साहू, उषा मारकण्डे, अनिता नेताम, मीना, सुनीता देवांगन, नरेश बंजारे सहित बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

