विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे गंगरेल बांध प्रभावित परिवार

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे गंगरेल बांध प्रभावित परिवार


धमतरी, 24 फ़रवरी (हि.स.)। गंगरेल बांध प्रभावित जनकल्याण समिति का भूमि आबंटन सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर 23 फरवरी से शहर के गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन के दूसरे दिन 24 फरवरी को बांध प्रभावित परिवार के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण 25 फरवरी से पैदल मार्च कर विधानसभा घेराव को लेकर अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह को ज्ञापन सौंपा।

गंगरेल बांध प्रभावित जनकल्याण समिति धमतरी के कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर मरकाम ने बताया कि गंगरेल बांध के डुबान प्रभावित परिवारों का धैर्य अब अपनी अंतिम सीमा पर पहुंच चुका है। जिन लोगों ने विकास के नाम पर अपनी जमीन, घर और आजीविका छोड़ी है वे आज भी अपने ही अधिकार के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उच्च न्यायालय बिलासपुर ने दिनांक 16 दिसंबर 2020 को रिट याचिका में स्पष्ट निर्देश दिया था कि वर्ष 2004 - 2010 के मध्य भूमि प्राप्त प्रभावितों के समकक्ष अन्य पात्र प्रभावितों के दावों पर समानता के आधार पर भूमि आबंटन किया जाए। न्यायालय ने आदेश की प्राप्ति के तीन माह के भीतर सक्षम प्राधिकारी को कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया था। लेकिन आदेश पारित हुए लगभग पांच वर्ष हो जाने के बावजूद जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया।

प्रभावित परिवार आज भी न्यायोचित भूमि और स्थायी पुनर्वास से वंचित हैं। इसी पीड़ा और प्रश्न को लेकर डूबान प्रभावितों ने लोकतांत्रिक मार्ग चुनते हुए धमतरी से नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पैदल मार्च करने का निर्णय लिया है। 25 फरवरी को गांधी मैदान धमतरी से पैदल मार्च शुरू कर 27 फरवरी को विधानसभा घेराव करेंगे। कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण पैदल मार्च एवं घेराव के लिए अनुमति को लेकर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे हैं। इस दौरान महाराजी राम ध्रुव, आत्मा राम ध्रुव, कृपा राम सिन्हा, सहदेव साहू, पंडोराम मंडावी, रोहित नेताम, जय कुमार सेन, गोपाल राम सिन्हा, शंभूराम, पुष्कर शोरी, उत्तम सहारे सहित डूबान प्रभावित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story