विधानसभा घेराव के लिए निकले डूबान प्रभावित, सिहावा चौक में रोेके जाने से बढ़ा आक्राेश

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा घेराव के लिए निकले डूबान प्रभावित, सिहावा चौक में रोेके जाने से बढ़ा आक्राेश


धमतरी, 25 फ़रवरी (हि.स.)।गंगरेल बांध प्रभावित जनकल्याण समिति द्वारा भूमि आबंटन और पुनर्वास सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर शहर के गांधी मैदान में 23 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में बैठे हैं। 25 फरवरी को प्रदर्शन के तीसरे दिन डूबान प्रभावित लोग पैदल रैली निकालकर विधानसभा घेराव के लिए निकले।

इस रैली को जिला और पुलिस प्रशासन की टीम ने सिहावा चौक के पास आगे बढ़ने से रोका। इस दौरान मौजूद धमतरी तहसीलदार कुसुम प्रधान ने समिति के पदाधिकारियों से चर्चा के बाद रैली को वापस गांधी मैदान भेजा और पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ राजस्व सचिव से मुलाकात कराने नवा रायपुर मंत्रालय के लिए रवाना हुए।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर मरकाम ने बताया कि शांतिपूर्ण पैदल मार्च कर गांधी मैदान से नवा रायपुर विधानसभा जा रहे थे। जिसे स्थानीय प्रशासन द्वारा सिहावा चौक पर रोक दिया गया। इसके बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को तहसीलदार के साथ मंत्रालय जाकर राजस्व सचिव से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया गया। यह संवाद की पहल है लेकिन डूबान प्रभावित परिवारों के लिए निर्णायक प्रश्न यही है क्या इस बार समाधान जमीन पर उतरेगा।

गंगरेल बांध परियोजना से विस्थापित परिवार वर्षों से पुनर्वास और वैकल्पिक भूमि आबंटन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उच्च न्यायालय बिलासपुर ने 16 दिसंबर 2020 को आदेश दिया था कि वर्ष 2004 - 2010 के मध्य भूमि प्राप्त प्रभावितों के समकक्ष अन्य पात्र प्रभावितों के दावों पर समानता के आधार पर भूमि आबंटन किया जाए। न्यायालय ने आदेश की प्राप्ति के तीन माह के भीतर सक्षम प्राधिकारी को कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया था। लेकिन आदेश पारित हुए लगभग पांच वर्ष हो जाने के बावजूद जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया। आदेश का पालन नहीं होने से डूबान प्रभावित के लिए परेशान और आहत है।

मंत्रालय में होने वाली वार्ता से प्रभावित परिवारों की अपेक्षा है कि पात्र परिवारों को आरक्षित भूमि से समयबद्ध वैकल्पिक कृषि भूमि, पुनर्वास नीति के अनुरूप बसाहट एवं मूलभूत सुविधाएं एवं संपूर्ण प्रक्रिया पर लिखित और समय सीमा बद्ध आदेश जारी किया जाए। आश्वासन से काम नहीं चलेगा। इस दौरान आत्मा राम ध्रुव, महाराजी राम ध्रुव, कृपा राम सिन्हा, सहदेव साहू, पंडोराम मंडावी, रोहित नेताम, जय कुमार सेन, गोपाल राम सिन्हा, शंभूराम, पुष्कर शोरी, उत्तम सहारे सहित डूबान प्रभावित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story