नारायणपुर एएसपी ने ट्रक संचालकों की बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने दिए सात निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नारायणपुर एएसपी ने ट्रक संचालकों की बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने दिए सात निर्देश


नारायणपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बढ़ती यातायात समस्याओं और सड़क सुरक्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चन्द्राकर के मार्गदर्शन में आज बुधवार काे यातायात शाखा, जिला नारायणपुर द्वारा जिला परिवहन संघ के पदाधिकारियों एवं ट्रक संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और नियमों के पालन को लेकर निर्देश दिए गए।

बैठक में एक गंभीर मुद्दा सामने आया। कुछ वाहन चालकों द्वारा रात के समय शराब की तलाश में घूमने तथा आम नागरिकों के घरों में जाकर दरवाजे खटखटाने संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। अधिकारियों ने सभी चालकों को ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने के निर्देश दिए। कहा गया कि इस प्रकार के व्यवहार से आम नागरिकों को असुविधा होती है और पूरे परिवहन संघ की छवि प्रभावित होती है। सभी चालकों को स्थानीय नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की सलाह दी गई।

बैठक में दिए गए 07 प्रमुख दिशा-निर्देश

नो-एंट्री का पालन अनिवार्य: निर्धारित नो-एंट्री समय में मालवाहक ट्रकों का प्रवेश एवं संचालन प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रेमावण्ड में सड़क के दोनों तरफ वाहन खड़े करने पर सख्त कार्रवाई: रेमावण्ड में सड़क के दोनों तरफ मालवाहक ट्रक खड़े न करें। इससे यातायात बाधित होने के साथ जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

गढ़बेंगाल चौक पर वन-वे व्यवस्था का पालन करें: गढ़बेंगाल चौक पर निर्धारित वन-वे व्यवस्था के अनुसार ही वाहनों का आवागमन एवं पार्किंग सुनिश्चित करें।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई: नारायणपुर से कोंडागांव मार्ग पर किसी भी स्थान पर वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच की जा सकती है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर चालान एवं ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन सहित नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों में परिवहन संघ द्वारा भी संबंधित चालक को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

रात में शराब की तलाश में घूमने से बचें: कुछ वाहन चालकों द्वारा रात के समय शराब की तलाश में घूमने तथा आम नागरिकों के घरों में जाकर दरवाजे खटखटाने संबंधी शिकायतें सामने आ रही हैं। सभी चालक ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहें।

निर्माणाधीन सड़कों पर सावधानी बरतें: जिन मार्गों पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, वहां वाहन चालक धीमी गति से वाहन चलाएं तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं यातायात नियमों का पालन करें।

दो ट्रकों के बीच निर्धारित अंतराल रखें: मालवाहक ट्रकों को एक साथ बड़ी संख्या में सड़क पर रवाना न करें। दो ट्रकों के बीच पर्याप्त एवं निर्धारित सुरक्षित दूरी रखते हुए क्रमबद्ध तरीके से संचालन करें। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, एसडीओपी बेनूर अविनाश कंवर, एसडीओपी छोटेडोंगर मनोज मण्डावी एवं यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान उपस्थित रहे। बैठक में जिला परिवहन संघ के पदाधिकारी किशोर आर्य, अमित भद्र, मरण शील, सुरेश यादव, मनीष शोरी, अरविंद वैष्णव, मनतोष साहू एवं सबू खान उपस्थित रहे।

नारायणपुर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित नो-एंट्री एवं वन-वे व्यवस्था का सम्मान करें तथा सड़क पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा का ध्यान रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story