रायपुर : मरीन ड्राइव पर सजेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, शहर में बदलेगी ट्रैफिक की चाल

WhatsApp Channel Join Now
रायपुर : मरीन ड्राइव पर सजेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, शहर में बदलेगी ट्रैफिक की चाल


रायपुर, 16 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को मरीन ड्राइव में आयोजित होने वाले “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने यातायात डायवर्सन और पार्किंग प्लान जारी किया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आज शाम करीब 7 बजे से यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, तेलीबांधा थाना तिराहा, कटोरा तालाब चौक, अनुपम नगर चौक, शास्त्री चौक और इनकम टैक्स कॉलोनी टर्निंग से मरीन ड्राइव की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह चौक से खजाना चौक, भगत सिंह चौक से शंकर नगर अंडरब्रिज, भगत सिंह चौक से तेलीबांधा चौक तथा आनंद नगर चौक से भारत माता चौक एवं कटोरा तालाब चौक तक दोनों ओर वाहनों का आवागमन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगा।

कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों के लिए गॉस मेमोरियल ग्राउंड, मल्टी लेवल पार्किंग अंबेडकर चौक, ऑक्सीजोन के किनारे का मार्ग, शांति नगर विमतारा रोड, सूर्य नमस्कार केनाल रोड और बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर में पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से सड़क किनारे या प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों का उपयोग न करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, कार्यक्रम के दौरान परिस्थितियों के अनुसार यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है। नागरिकों से बैरिकेडिंग और डायवर्सन का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story