सीएसएमसीएल के ओवरटाइम भुगतान घोटाले में आराेपित अरुणपति त्रिपाठी 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर
रायपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमसीएल) के 172 करोड़ रुपये के ओवरटाइम भुगतान घोटाले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ईओडब्ल्यू/एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने पूर्व प्रबंध संचालक (एमडी) अरुणपति त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है।
ईओडब्ल्यू-एसीबी ने शनिवार को अरुणपति त्रिपाठी को विशेष न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी को पूछताछ में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
ईओडब्ल्यू-एसीबी में सीएसएमसीएल ओवरटाइम घोटाला मामले में अपराध क्रमांक 44/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(बी), 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471 और 120-बी के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में अरूणपति त्रिपाठी को 17 जुलाई काे गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि जांच के दौरान सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कर्मचारियों के ओवरटाइम, अतिरिक्त चार दिवस के भुगतान, बोनस और सर्विस चार्ज के नाम पर विभिन्न मैनपावर एजेंसियों को 172 करोड़ रुपये से अधिक का कथित अवैध भुगतान किया गया। आरोप है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा सिंडिकेट द्वारा नगद कमीशन के रूप में हासिल किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने 29 नवंबर 2023 को तीन व्यक्तियों से 28.80 लाख रुपये नगद जब्त किए थे। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ शासन को सूचना भेजी गई थी, जिसके आधार पर ईओडब्ल्यू-एसीबी ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना में सामने आया कि, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कर्मचारियों के ओवरटाइम, चार अतिरिक्त कार्य दिवस, बोनस और सर्विस चार्ज के नाम पर मैनपावर एजेंसियों को 172 करोड़ रुपये से अधिक का कथित अवैध भुगतान किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा कथित रूप से नगद कमीशन के रूप में एक सिंडिकेट द्वारा अर्जित किया गया। इस मामले में इससे पहले 12 आरोपिताें के खिलाफ आरोपपत्र (चार्जशीट) न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपित अरुणपति त्रिपाठी को आज 18 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। ईओडब्ल्यू-एसीबी का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य और जानकारी मिलने की संभावना है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

