आंदोलन के बाद रिसगांव पहुंचे अरुण सार्वा, समस्याएं सुनीं और समाधान का दिया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
आंदोलन के बाद रिसगांव पहुंचे अरुण सार्वा, समस्याएं सुनीं और समाधान का दिया भरोसा


धमतरी, 23 जून (हि.स.)। सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर हुए ग्रामीणों के आंदोलन के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा मंगलवार को ग्राम रिसगांव पहुंचे और ग्रामीणों से आमने-सामने संवाद किया। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप दूरस्थ वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र की सभी जायज मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, सड़क एवं बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने आगे कहा कि, प्राकृतिक संपदा और जनजातीय संस्कृति से समृद्ध इस क्षेत्र में ईको-टूरिज्म, जंगल सफारी और होम-स्टे जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। ग्रामीणों की सहभागिता से विकास योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

जिला पंचायत वन सभापति अजय फत्तेलाल ध्रुव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली सहित अन्य मांगों को प्राथमिकता के साथ शासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। भाजपा सरकार गांव, गरीब और आदिवासी समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story