उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज बलरामपुर प्रवास पर, 121 करोड़ के 49 विकास कार्यों की देंगे सौगात

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज बलरामपुर प्रवास पर, 121 करोड़ के 49 विकास कार्यों की देंगे सौगात


बलरामपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज गुरुवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रवास पर रहेंगे। उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में जिलेवासियों को 121 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 93 करोड़ 4 लाख रुपये के 41 कार्यों का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 30 लाख रुपये के 8 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

लोकार्पित होने वाले कार्यों में पेयजल परियोजनाओं को प्रमुख स्थान दिया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 66 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत वाली 35 जल प्रदाय योजनाओं से कुसमी, राजपुर, शंकरगढ़, बलरामपुर, रामचन्द्रपुर और वाड्रफनगर विकासखंड के गांवों में घर-घर पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके अलावा 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से गलफुल्ला, सुखरी पांगन और छोटी पांगन नदियों पर बने चार उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण होगा।

प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री रामानुजगंज विश्रामगृह में विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। वे स्व. सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story