कांग्रेस नेता रामगोपाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में करेगी पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज अपने बयान कहा कि, कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में पुतला दहन कर उग्र प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की एसीबी, ईओडब्ल्यू के द्वारा की गई गिरफ्तारी भाजपा सरकार का राजनैतिक षड्यंत्र है। विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र करती रही है। पहले केंद्रीय एजेंसियों को इस काम में लगाया गया अब राज्य की जांच एजेंसी के माध्यम से षड्यंत्र किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि, केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई, आईटी को लगाकर कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर परेशान करती रही है। जिन मामलो में ईडी जांच करके कुछ हासिल नहीं कर पाई उसी में ईओडब्ल्यू से जांच करवाई जा रही है। यह मामला अदालत में नहीं टिकेगा। पूरी मजबूती से इस षड्यंत्र के खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story