अर्नब का असर: थोक सब्जी मंडी में कम हुई आवक, शनिवार को बढ़ सकते हैं दाम
बारिश के कारण दो दिन बाजार रहा प्रभावित, शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे ही खत्म हो गई बोली
धमतरी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब खेत-खलिहानों और जनजीवन के साथ सब्जी बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। बेमौसम बारिश के कारण बुधवार और गुरुवार को श्यामतराई स्थित थोक सब्जी मंडी में सन्नाटा पसरा रहा। शुक्रवार को मौसम खुलने के बाद बाजार में कुछ रौनक लौटी, लेकिन सब्जियों की आवक कम रहने के कारण कारोबार ज्यादा देर तक नहीं चल सका और दोपहर 12.30 बजे ही बोली समाप्त हो गई।
थोक व्यापारियों के अनुसार शनिवार को मंडी में सब्जियों की आवक बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान से आवक सीमित रह सकती है। ऐसे में सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी होने की आशंका है। शुक्रवार को मंडी में टमाटर 700 रुपये कैरेट, फूलगोभी 60 रुपये किलो, पत्तागोभी 15 रुपये, करेला 40 रुपये, लालभाजी 25 रुपये, पालक 25 रुपये, तोरई 15 रुपये, मुनगा 100 रुपये, अदरक 80 से 90 रुपये, भिंडी 25 रुपये, लौकी 15 रुपये, बैंगन 20 रुपये, प्याज 60 रुपये, मिर्च 60 रुपये, धनिया 130 रुपये और कच्चा केला 30 रुपये किलो के भाव से बिका। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि धमतरी में टमाटर 600 से 700 रुपये कैरेट बिक रहा है, जबकि दूसरे शहरों में इसकी कीमत 800 से 850 रुपये तक पहुंच गई है। आवक बढ़ने के बाद ही सब्जियों की कीमतों में कमी होने के आसार हैं।
सब्जियां 10 से 20 प्रतिशत तक महंगी हो सकती हैं: कैलाश यादव
श्यामतराई थोक सब्जी मंडी के अध्यक्ष कैलाश यादव का कहना है कि बेमौसम बारिश से सब्जियों की फसलों को नुकसान हुआ है। इसका असर आने वाले दिनों में बाजार पर पड़ सकता है। थोक भाव में संभावित बढ़ोतरी के चलते चिल्हर बाजार में सब्जियां 10 से 20 प्रतिशत तक महंगी हो सकती हैं। इससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

