आरण्यक ब्राह्मण प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयाेजन 13 दिसंबर से

WhatsApp Channel Join Now
आरण्यक ब्राह्मण प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयाेजन 13 दिसंबर से


जगदलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा आगामी दिसंबर माह में आयोजित होने वाली संभागीयस्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता आरण्यक ब्राह्मण प्रीमियर लीग को लेकर आज रविवार काे श्रीजगन्नाथ मंदिर में खिलाड़ियों का चयन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ आगामी 13 दिसंबर से होगा, जिसमें संभाग भर के समाज के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

समाज द्वारा आयोजित यह क्रिकेट प्रतियोगिता खेल के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता, युवा सहभागिता और संगठन की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस बार प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन पद्धति के माध्यम से किया गया। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि प्रतियोगिता में शामिल सभी आठ टीमों के नाम भगवान श्रीजगन्नाथ एवं उनसे जुड़े धार्मिक प्रतीकों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें श्री जगन्नाथ एकादश, माता सुभद्रा शक्ति 11, श्रीबलभद्र शौर्य 11, श्रीनंदीघोष गर्जना 11, श्रीतालध्वज पराक्रम 11, श्रीदर्पदलन सारथी 11, श्रीगुंडिचा 11 एवं श्रीनीलचक्र संकल्प 11 शामिल हैं।

प्रतियोगिता की सभी टीमों के ओनर एवं खिलाड़ी समाज के ही सदस्य हैं। ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में शामिल किया गया है। अब सभी टीमें आगामी 13 दिसंबर से मैदान में उतरकर खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता टीम को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर, फेयर प्ले अवॉर्ड, बेस्ट सिक्सेस सहित विभिन्न व्यक्तिगत श्रेणियों में भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

आशु आचार्य ने बताया कि कि जब युवा इस प्रकार के आयोजनों से जुड़ते हैं तो धीरे-धीरे समाज की अन्य गतिविधियों में भी उनकी सहभागिता बढ़ती है। इससे न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, बल्कि समाज में एकता, समन्वय और संगठनात्मक मजबूती भी आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story