भैरमगढ़ नगर पंचायत के 11 विकास कार्यों के लिए 1.52 करोड़ की मिली स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now
भैरमगढ़ नगर पंचायत के 11 विकास कार्यों के लिए 1.52 करोड़ की मिली स्वीकृत


बीजापुर, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के भैरमगढ़ नगर पंचायत को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने शहर के ढांचागत विकास के लिए 1.52 करोड़ रुपये से अधिक के 11 निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है।

इस राशि से नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन और जल निकासी की सुविधा मिलेगी। नगरीय प्रशासन विभाग ने भैरमगढ़ नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से 6 सी.सी. (कंक्रीट) सड़कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 12 लाख 75 हजार रुपये की स्वीकृति दी है।

इस योजना के तहत वार्ड क्रमांक-3 में बेलतीपदर रोड से आंगनबाड़ी केंद्र तक और वार्ड क्रमांक-14 में बाजार स्थल से पुसनार पहुंच मार्ग तक पक्की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-2, वार्ड क्रमांक-11, वार्ड क्रमांक-12 और वार्ड क्रमांक-13 में भी सी.सी. सड़कें बनाई जाएंगी, जिससे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आवाजाही सुगम होगी। शहर में जल भराव की समस्या से निपटने और बेहतर जल निकासी व्यवस्था (ड्रेनेज सिस्टम) के लिए विभाग ने 39 लाख 39 हजार रुपये की लागत से 5 आर.सी.सी. नालियों के निर्माण को मंजूरी दी है। इस स्वीकृत राशि से वार्ड क्रमांक-8 और वार्ड क्रमांक-13 में एक-एक तथा वार्ड क्रमांक-15 में दो आर.सी.सी. नालियों का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही जल भराव की समस्या से राहत मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा इन विकास प्रस्तावों को हरी झंडी दिए जाने के बाद संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग का कहना है कि इन निर्माण कार्यों से भैरमगढ़ नगर पंचायत के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा और आम नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचेगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story