कोरबा: मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शुरू, 30 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
आईआईटी, एम्स, आईआईएम सहित राष्ट्रीयस्तर के संस्थानों में प्रवेश लेने वाले एससी, एसटी और ओबीसी विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन, 50 हजार रुपये तक मिलेगी सहायता
कोरबा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, कोरबा द्वारा शनिवार काे जारी सूचना के अनुसार, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, जिन्होंने राष्ट्रीयस्तर के प्रतिष्ठित उच्च व्यावसायिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के दौरान होने वाले शुरुआती आवश्यक खर्चों में आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इसके अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के माध्यम से शासकीय संस्थान में एमबीबीएस तथा संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) के माध्यम से शासकीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) या भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी योजना के पात्र होंगे।
50 हजार रुपये तक मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित पात्र विद्यार्थियों को संस्थान में प्रवेश के समय होने वाले जरूरी खर्चों के लिए एकमुश्त सहायता राशि दी जाएगी। इसमें यात्रा, आवास, भोजन, कपड़े, तत्कालीन शुल्क और दवाइयों जैसी आवश्यकताओं को शामिल किया गया है। योजना के तहत अधिकतम 50 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी के पालक या अभिभावक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के बच्चे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारियों के बच्चे पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के साथ इन दस्तावेजों की जरूरत
इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर उसके साथ सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र और आय प्रमाण-पत्र संलग्न करना होगा। इसके अलावा कक्षा 12वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण तथा प्रवेशित संस्थान और शुल्क से संबंधित दस्तावेज भी जमा करने होंगे। आवेदन पत्र में संस्थान में प्रवेश और संबंधित खर्चों का विवरण देना अनिवार्य है।
पात्र विद्यार्थी 30 अक्टूबर तक अपने गृह जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, कोरबा में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रारूप और योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7389452766 और 7869096888 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यालय का पता सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, आईटीआई रामपुर, कलेक्ट्रेट परिसर, प्रथम तल, कोरबा है। पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

