जनदर्शन में बच्चों की शिक्षा से लेकर किसानों की समस्याओं पर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनदर्शन में बच्चों की शिक्षा से लेकर किसानों की समस्याओं पर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश


कोरबा, 22 जून (हि. स.)। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से कोरबा जिले के पहुंचे नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजन की शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना। आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 149 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनदर्शन में कटघोरा विकासखंड के ग्राम नवागांव निवासी महेश्वर नाथ सहिस ने अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी संतोषी बाई का गंभीर बीमारी के कारण निधन हो चुका है और दुर्घटना में पैर टूट जाने के कारण वे मेहनत-मजदूरी करने में असमर्थ हैं। आर्थिक तंगी के चलते वे अपने पुत्र और पुत्री, जो क्रमशः कक्षा छठवीं और तीसरी में अध्ययनरत हैं, की पढ़ाई और देखभाल का उचित प्रबंध नहीं कर पा रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग तथा जिला शिक्षा अधिकारी को बच्चों की शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को छात्रावास में आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सीट उपलब्ध होने पर छात्रा का प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही समाज कल्याण विभाग को परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

जनदर्शन के दौरान हरदीबाजार निवासी विष्णु कुमार यादव ने किसानों की समस्या से जुड़ा आवेदन प्रस्तुत करते हुए शिकायत की कि सुपेतपारा, रेंकी और अण्डीकछार क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आवेदन में पेट्रोल पंप संचालन से संबंधित अन्य अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया।

किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को तत्काल जांच कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जनदर्शन में सीमांकन, मुआवजा भुगतान, रोजगार उपलब्ध कराने, दिव्यांगजन सहायता, बिजली आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित राशि, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, कृषक पंजीयन, वनाधिकार पट्टा, नक्शा सुधार, पेयजल सुविधा के लिए हैंडपंप स्थापना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन भी प्राप्त हुए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

जिला प्रशासन का मानना है कि जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में भी मदद मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story