जगदलपुर महिला पॉलिटेक्निक में बिना पीपीटी सीधे प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर महिला पॉलिटेक्निक में बिना पीपीटी सीधे प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित


जगदलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग की छात्राओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में धरमपुरा-2 स्थित धरमू माहरा शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए त्रिवर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम चरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य शासन द्वारा बस्तर अंचल के छात्र-छात्राओं को प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट से विशेष छूट प्रदान की गई है, जिसके चलते छात्राएं बिना प्रवेश परीक्षा के केवल अपनी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता की मेरिट के आधार पर सीधे दाखिला प्राप्त कर सकती हैं।

प्रवेश के इस अंतिम चरण में आवेदन करने के इच्छुक अभ्यर्थी 06 सितंबर की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। संस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूर संचार इंजीनियरिंग में 39 सीटें, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में 12 सीटें तथा वेश अभिकल्पन एवं पोशाक निर्माण में 10 सीटें उपलब्ध हैं, जिनके लिए 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही 12वीं गणित संकाय या आईटीआई उत्तीर्ण छात्राओं के लिए डिप्लोमा लेटरल एंट्री के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूर संचार में 38 और आईटी में 12 संभावित रिक्त सीटों पर प्रवेश का मौका दिया जा रहा है।

ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के आधार पर आगामी 07 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी। सूची में शामिल छात्राओं को सीट आवंटन का अवसर लेने के लिए 08 सितंबर को सुबह 10 बजे संस्थान में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। इसके तुरंत बाद आवंटित सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया 08 सितंबर दोपहर 01 बजे से 09 सितंबर दोपहर 01 बजे तक संचालित की जाएगी। यदि इसके बाद भी सीटें शेष रह जाती हैं, तो मेरिट सूची के अनुसार उन छात्राओं को 09 सितंबर की दोपहर 01:30 बजे से शाम 05:30 बजे के बीच अवसर दिया जाएगा जो पूर्व में अनुपस्थित रहीं, जिन्हें सीट नहीं मिल सकी, या जो उच्च वरीयता के विषय का चयन करना चाहती हैं।

प्रवेश प्रक्रिया में छात्राओं की सहायता के लिए संस्थान परिसर में 'अभ्यर्थी सुविधा केन्द्र' की स्थापना भी की गई है, जहाँ उपस्थित होकर ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीयन कराया जा सकता है। इच्छुक अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट dte.cg.gov.in या cgdte.admissions.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं अथवा विशेष मार्गदर्शन के लिए संस्थान के हेल्पलाइन नंबर 7566513166 एवं 9827491945 पर संपर्क साध सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story